डोईवाला (देहरादून)।

राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ लालतप्पड़ चौकी क्षेत्र के पास सोंग नदी किनारे भैंस चराने गए एक युवक और उसकी 7 माह की गर्भवती भाभी पर कुछ दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। बेखौफ बदमाशों ने गर्भवती महिला को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा, जिससे महिला और उसके पेट में पल रहे बच्चे की जान पर आ बनी है।

​पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, चांडी प्लांटेशन (रेशम माजरी) निवासी गुलाम हुसैन ने लालतप्पड़ चौकी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। गुलाम हुसैन ने बताया कि 4 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे उनका बेटा शबीर और उनकी बड़ी बहू शकीना (जो 6-7 महीने की गर्भवती है) सोंग नदी के पास अपनी भैंसें चराने गए थे।

​आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे मामहुसैन, सेहन, जानअली और उनके 5-6 अन्य साथियों ने एकराय होकर उन पर अचानक हमला बोल दिया।

​लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बोला हमला

​पीड़ित पक्ष के मुताबिक, हमलावरों ने शबीर को घेरकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, पत्थरों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। हमले में शबीर के सिर, कंधे, पेट और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

​हद तो तब पार हो गई जब बीच-बचाव करने आई गर्भवती शकीना को भी दबंगों ने बख्शा नहीं। उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया और घसीट-घसीट कर मारपीट की गई। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

​पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच तेज

​घटना के बाद लहूलुहान हालत में पीड़ितों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसकी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके पास इस हैवानियत का वीडियो भी मौजूद है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

​ये भी पढ़े➜देवप्रयाग हादसा: कुंडाधार में गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोगों की मौत; एक बच्चा गंभीर रूप से घायल

​प्रभारी निरीक्षक राकेश गुंसाई ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:

"पीड़ित की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मामहुसैन, सेहन, जानअली समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"