उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कुंडाधार के समीप एक अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमों ने स्थानीय निवासियों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

​तेज आवाज सुनकर मदद के लिए दौड़े ग्रामीण

​मिली जानकारी के अनुसार, कार हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही थी। वाहन में लगभग छह से सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। जैसे ही कार कुंडाधार के पास पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना होते ही जोर का धमाका हुआ, जिसे सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।

​SDRF और पुलिस ने खाई से निकाले 5 शव

​स्थानीय निवासियों ने बिना वक्त गंवाए हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की रेस्क्यू टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

​कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई से पांच लोगों के शव बरामद किए। वहीं, हादसे में जीवित बचे एक मासूम बच्चे को रेस्क्यू कर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

​ये भी पढ़े➜पहाड़ के बेटे का कमाल: अल्मोड़ा के रवि ने बनाई 'उड़ने वाली कार', 'हपिडा स्काईनेक्स' की उड़ान देख लोग बोले- शानदार!

​राहत कार्य जारी, शिनाख्त में जुटी पुलिस

​पुलिस प्रशासन ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान और परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है। दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।