बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस मामले के बाद अब एक्टर गंभीर कानूनी और आर्थिक संकट में घिरते नजर आ रहे हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (मुंबई) ने भारी-भरकम लोन न चुकाने के कारण उनकी संपत्तियों को नीलाम करने का कड़ा कदम उठाया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, आगामी 9 सितंबर को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में स्थित राजपाल यादव की दो संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी की जाएगी।

​16 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया

​सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुताबिक, अभिनेता पर बैंक का 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये बकाया है। रिकवरी न होने की स्थिति में बैंक ने शाहजहांपुर के शहर और ग्रामीण इलाकों (जिसमें मकान और खेत शामिल हैं) में स्थित दोनों संपत्तियों को अपने कब्जे में लेकर नीलामी का नोटिस चस्पा कर दिया है।

​खबरों के मुताबिक, नीलाम की जा रही इन दोनों संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।

​फिल्म के लिए लिया था लोन, मां और पत्नी थीं गारंटर

​राजपाल यादव ने यह कर्ज अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए बैंक से लिया था। लोन पास कराने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को गारंटर के रूप में गिरवी रखा था।

ये भी पढ़े➜ईरान को डोनाल्ड ट्रंप का अल्टीमेटम: 'समझौता करो, वरना अंजाम भुगतने को रहो तैयार'

​समय पर भुगतान न होने के कारण बैंक ने नियमानुसार यह सख्त कार्रवाई शुरू की है। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर के अलावा मुंबई में भी उनकी अन्य संपत्तियों की नीलामी की कानूनी प्रक्रिया जारी है।