उदयपुर।

राजस्थान के उदयपुर शहर में अपराधियों के बुलंद हौसलों और बेखौफ रवैये ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कपिल विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम पुरानी दुश्मनी के चलते हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने न केवल कॉलोनी में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की, बल्कि बीच-बचाव व शोर सुनकर घर के बाहर निकली एक 50 वर्षीय महिला को स्कॉर्पियो गाड़ी से बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

​दहशत फैलाने आए थे हथियारबंद बदमाश

​घटनाक्रम के अनुसार, शाम करीब 5:43 बजे दो महिंद्रा थार और एक स्कॉर्पियो में सवार होकर दर्जनभर से अधिक बदमाश कपिल विहार कॉलोनी पहुँचे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों का मृतका के बेटे के साथ पहले से कोई पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के इरादे से आरोपी हथियारों से लैस होकर आए थे। कॉलोनी में दाखिल होते ही उन्होंने वहां पार्क किए गए वाहनों पर पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और खौफ का माहौल बन गया।

​शोर सुनकर बाहर आईं और बन गईं शिकार

​कॉलोनी में हो रहे हंगामे और गाड़ियों के शीशे टूटने की आवाज सुनकर 50 वर्षीय उर्मिला कुंवर अपने घर के दरवाजे पर आईं। जैसे ही वह बाहर निकलीं, हमलावरों ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी को सीधा उनकी ओर मोड़ दिया और तेज रफ्तार से उन्हें कुचलते हुए निकल गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से गाड़ियाँ दौड़ाकर फरार हो गए।

​स्थानीय लोग और परिजन तुरंत गंभीर रूप से घायल उर्मिला कुंवर को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​CCTV में कैद खौफनाक मंजर, पुलिस खंगाल रही फुटेज

​घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू की। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपियों की गाड़ियों की आवाजाही और महिला को कुचलने का पूरा मंजर स्पष्ट नजर आ रहा है।

​ये भी पढ़े➜सन्न रह गया लखनऊ: देर रात कार को 'पेट्रोल बम' बनाकर फूंका, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

​पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और गाड़ियों के नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। शहर के सभी मुख्य रास्तों पर नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश समेत सभी कोणों से मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।