पूर्णिया:
बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खजांची हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर में रविवार रात एक बैंककर्मी ने अपनी शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम आरोपी ने अपने दो मासूम बच्चों के सामने दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
कौन हैं मृतका और आरोपी?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 34 वर्षीय शालिनी के रूप में हुई है, जो श्रीनगर प्रखंड के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, आरोपी पति राजकुमार यादव पूर्णिया के ही एक कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत है।
विवाद का कारण: दो कट्ठा जमीन का हिसाब
परिजनों का कहना है कि शालिनी और राजकुमार के बीच पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। रविवार की शाम दोनों के बीच दो कट्ठा जमीन के पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया।
यह जमीन दोनों ने मिलकर खरीदी थी।
राजकुमार जमीन में लगाए गए अपने हिस्से के पैसे शालिनी से वापस मांग रहा था, जबकि शालिनी रकम देने में असमर्थता जता रही थी।
बहस इतनी बढ़ी कि राजकुमार ने बच्चों के सामने ही शालिनी के साथ मारपीट की। जाते-जाते उसने धमकी दी थी— "आज कहानी ही खत्म कर देंगे।"
'मामाजी, पापा ने मां को गोली मार दी...': 9 साल के बेटे ने दिखाई हिम्मत
शाम के विवाद के बाद राजकुमार घर से बाहर चला गया था। रात करीब 8 बजे जब वह वापस लौटा, तो बच्चे पढ़ाई कर रहे थे और शालिनी रसोई में खाना बना रही थी। राजकुमार ने कमरे में घुसकर शालिनी पर गोली चला दी और वहां से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद 9 वर्षीय बड़े बेटे ने अपने मामा विक्रम आनंद को वीडियो कॉल किया।
मामा का बयान: मृतका के भाई विक्रम आनंद ने बताया, "भांजे का वीडियो कॉल आया तो बहन जमीन पर दरी पर पड़ी तड़प रही थी। उसने जहां गोली लगी थी वहां हाथ रखा हुआ था और रोते हुए बोली— 'अब हम की करबे, गोली मायर देलके' (अब हम क्या करेंगे, गोली मार दी है)।"
पड़ोसियों की मदद से ले जाया गया अस्पताल, पुलिस जांच शुरू
मासूम बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शालिनी को आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खजांची हाट थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी राजकुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
