​Arjun Arvind Case ने अमेरिका से लेकर भारत तक सभी को हैरान कर दिया है। मैसाचुसेट्स के एक्टन शहर में 17 वर्षीय भारतीय मूल के किशोर अर्जुन अरविंद पर अपनी 45 वर्षीया मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की निर्मम हत्या का संगीन आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना की सबसे खौफनाक बात यह सामने आई है कि आरोपी किशोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले इंटरनेट और AI टूल ChatGPT पर अपने परिवार को खत्म करने से जुड़े ख्यालों और तरीकों के बारे में सर्च किया था।

​पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पूरे मामले ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गलत इस्तेमाल और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​क्या है पूरा Arjun Arvind Case और कैसे सामने आया मामला?

​यह खौफनाक वारदात बोस्टन शहर से लगभग 48 किलोमीटर दूर स्थित एक्टन के मार्था लेन इलाके में घटी। मंगलवार शाम को जब परिवार के घर पर एक ट्यूटर तय अपॉइंटमेंट के तहत बच्चे को पढ़ाने पहुंची, तो काफी देर घंटी बजाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। किसी अनहोनी की आशंका होने पर ट्यूटर ने तुरंत अर्जुन के पिता से संपर्क साधा।

​पिता ने जब पत्नी और छोटे बेटे को फोन किया तो दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत एक्टन पुलिस स्टेशन को सूचना दी और वेलनेस चेक (परिवार की सुरक्षा जांच) के लिए पुलिस टीम भेजने का अनुरोध किया। जब पुलिस की टीम मार्था लेन स्थित मकान पर पहुंची, तो अंदर का नजारा बेहद भयावह था।

​बेसमेंट और पहली मंजिल पर मिले मां-बेटे के शव

​पुलिस अधिकारियों जब घर के अंदर दाखिल हुए, तो उन्होंने देखा कि 45 वर्षीया सुधा वेंकटेशन का शव घर के बेसमेंट में खून से लथपथ पड़ा हुआ था। वहीं, उनके 14 वर्षीय छोटे बेटे सिद्धार्थ अरविंद का शव मकान की पहली मंजिल पर पाया गया।

​मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस चीफ डगलस स्टर्नियोलो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों पीड़ितों के शरीर पर गंभीर और जानलेवा चोटों के निशान थे। प्राथमिक जांच के अनुसार, मां को आखिरी बार मंगलवार सुबह काम पर जाते वक्त और छोटे बेटे को दोपहर में देखा गया था। पुलिस का अनुमान है कि दोनों की हत्या दोपहर के वक्त ही घर के अंदर की गई।

​Arjun Arvind Case में फरार आरोपी की नाटकीय गिरफ्तारी

​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अर्जुन अरविंद अपनी मां की सफेद होंडा एकॉर्ड (Honda Accord) कार लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मंगलवार रातभर इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

​बुधवार तड़के मैसाचुसेट्स के पास स्थित वेलैंड शहर में पुलिस को एक पार्किंग लॉट से किसी अन्य मामले से जुड़ा अलार्म मिला। जब पुलिस दल वहां पहुंचा, तो उन्हें लावारिस हालत में वही होंडा एकॉर्ड गाड़ी दिखी। गाड़ी के अंदर अर्जुन अरविंद मौजूद था। पुलिस ने बिना किसी बड़े प्रतिरोध के उसे तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया।