Noida Metro News: दिल्ली-एनसीआर से सटे नोएडा में एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और मानसिक तनाव के भयावह पहलू को उजागर कर दिया है। गढ़ी चौखंडी गांव में रहने वाले एक 16 वर्षीय किशोर ने पहले सोते हुए अपने पिता की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी और फिर वहां से भागकर सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूद गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि माता-पिता के अलग होने और पिता के कड़े रवैये के कारण किशोर गंभीर अवसाद (Depression) से जूझ रहा था।

​Noida Metro News: कैसे शुरू हुई यह खौफनाक वारदात?

​यह पूरी घटना नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र स्थित गढ़ी चौखंडी गांव की है। यहां करीब तीन महीने से राजू शर्मा नाम के ट्यूटर अपने 16 वर्षीय बेटे अमृत के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। पड़ोसियों और पुलिस के अनुसार, राजू शर्मा का स्वभाव काफी सनकी था और वे अपने बेटे पर जरूरत से ज्यादा बंदिशें रखते थे।

​पत्नी के अलग होने के बाद से वे अमृत को न तो कहीं बाहर आने-जाने देते थे और न ही ठीक से पढ़ाई करने देते थे। मां के प्यार से वंचित और घर के एकाकी माहौल में घुट रहे अमृत का मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा था। इसी मानसिक तनाव और पिता की पाबंदियों से आहत होकर उसने बुधवार तड़के एक आत्मघाती कदम उठा लिया।

​पिता की हत्या के बाद बदले कपड़े और ताला लगाकर निकला

​बुधवार सुबह जब राजू शर्मा गहरे सोने में सो रहे थे, तब अमृत ने घर में रखी कुल्हाड़ी से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद किशोर ने किसी मंझे हुए अपराधी की तरह अपने खून से सने कपड़े (टी-शर्ट और बरमूडा) उतारे, उन्हें वहीं छोड़ा और साफ कपड़े पहन लिए।

​उसने एक बैग में अपना कुछ सामान रखा, पिता का मोबाइल फोन उठाया, कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके ताला लगाया और सुबह करीब छह बजे घर से निकल गया।

​Noida Metro News: सेक्टर-52 स्टेशन पर मची अफ़रा-तफ़री

​घर से निकलने के बाद अमृत सीधे नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा। वहां सुबह-सुबह यात्रियों की आवाजाही शुरू ही हुई थी कि उसने अचानक आती हुई ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। हादसे के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया और मेट्रो कर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में किशोर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

​पुलिस को उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला, लेकिन बैग में मौजूद मोबाइल के आधार पर जांच शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मोबाइल के संपर्क नंबरों के ज़रिए अमृत की मां रूबी और उसके चाचा अरुण से संपर्क साधा।

​कमरे का ताला खुला तो उड़े चाचा के होश

​जब पुलिस ने किशोर के परिवार की पहचान कर ली, तो उसके चाचा अरुण अपने भाई राजू शर्मा की तलाश में गढ़ी चौखंडी स्थित उनके किराए के मकान पर पहुंचे। अमृत के बैग से मिली चाबी से जब उन्होंने कमरे का ताला खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

​बिस्तर पर राजू शर्मा की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी। पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी, अमृत के पहने हुए खूनी कपड़े और राजू की दो तस्वीरें रखी हुई थीं। चाचा अरुण ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद थाना फेज-3 पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।