बरेली।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से इंसानियत और कानून-व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर के पॉश इलाके रामपुर गार्डन स्थित 'हीलियोस जिम' के बाहर एक गाड़ी में तोड़फोड़ के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जिम संचालक और उसके दबंग साथियों ने एक थर्ड जेंडर और उसके साथियों के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि जेंडर चेक करने के नाम पर कपड़े उतरवाकर उनके साथ अभद्रता भी की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानिए क्या है पूरा विवाद?
कोहाड़ापीर की रहने वाली मन्नू सूरी (सलमान), जो खुद को थर्ड जेंडर बताती हैं, के अनुसार यह पूरा विवाद 7 अगस्त की सुबह शुरू हुआ। मन्नू के मुंहबोले भाई विशाल ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि रामपुर गार्डन में हीलियोस जिम के बाहर उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई है।
सूचना मिलने पर मन्नू मौके पर पहुंचीं और जिम संचालक अश्वनी शर्मा से पूछताछ की। उस समय जिम संचालक ने घटना की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद वे लोग वापस लौट आए।
'रात को फोन कर बुलाया और फिर शुरू हुआ हमला'
मन्नू का आरोप है कि उसी दिन रात करीब 10 बजे जिम संचालक अश्वनी शर्मा ने उनके साथी को कॉल किया और दावा किया कि गाड़ी तोड़ने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिल गई है। जब मन्नू अपने साथियों के साथ दोबारा जिम पहुंचीं, तो वहां पहले से ही जिम संचालक अश्वनी शर्मा के साथ सुशील, अंकित, अजय और अन्य दबंग मौजूद थे।
आरोप है कि जिम संचालक और उसके साथियों ने बातचीत के बजाय मन्नू और उनके साथियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उन पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
कपड़े उतरवाकर 'जेंडर चेक' करने की बर्बरता
पीड़िता मन्नू सूरी ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मारपीट के दौरान स्थानीय स्तर के कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। दबंगों ने मन्नू और उनके साथियों को पुरुष बताकर सरेआम उनके कपड़े उतरवा दिए और 'जेंडर चेक' करने के नाम पर घिनौनी हरकतें कीं।
मन्नू ने पुलिस को दी तहरीर में जिम संचालक और उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने और यौन उत्पीड़न का आरोप भी लगाया है।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्शन, जिम संचालक हिरासत में
घटना के दौरान किसी ने इस पूरी हैवानियत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में दबंगों की गुंडागर्दी और पीड़िता के साथ की जा रही अभद्रता साफ दिखाई दे रही है।
मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया:
"वीडियो और पीड़िता की तहरीर के आधार पर जिम संचालक अश्वनी शर्मा सहित नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी अश्वनी शर्मा समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
ये भी पढ़े➜एमपी में उफनती नदी में समाई कार: बारिश के बीच ड्राइवर की एक भूल पड़ी भारी, 9 लोगों की दर्दनाक मौत


